सोनभद्र में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ पर CM ने मिशन शक्ति’ के तहत महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी दी….
सोनभद्र। ‘धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर मंगलवार को सोनभद्र में भव्य ‘जनजातीय गौरव दिवस’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश की ‘ऊर्जा राजधानी’ के रूप में पहचाने जाने वाले इस जनपद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिस्सा लिया और जनजातीय समाज को संबोधित किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के सर्वांगीण विकास के लिए ₹548 करोड़ की 432 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र बांटे, ‘मिशन शक्ति’ के तहत महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी प्रदान की और सोनभद्र के पर्यटन पर आधारित पुस्तिका का विमोचन भी किया।
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देशभर में जनजातीय गौरव और पहचान को नई मजबूती मिल रही है। डबल इंजन की भाजपा सरकार के प्रयासों से प्रदेश में जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के लिए म्यूजियम और छात्रावासों का निर्माण हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज को जयंती की शुभकामनाएं दीं और उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा, “अबुआ दिशोम, अबुआ राज”— यह भावना जनजातीय गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है।




