पिकअप की टक्कर के बाद डॉक्टरों ने मोहम्मद यासीन को किया मृत घोषित….
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल-अंबारी मार्ग पर टिकुरिया गांव के पास रविवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा पिकअप वाहन और बाइक की आमने-सामने की टक्कर के बाद हुआ, जिसमें पीछे से आ रही सरकारी बस ने दोनों को कुचल दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, पवई थाना क्षेत्र के चकिया बाजार निवासी मोहम्मद यासीन अपने रिश्तेदार अंकुर (25) के साथ मार्टिनगंज से घर लौट रहे थे। बाइक को अंकुर चला रहा था। टिकुरिया गांव के करीब सामने से आ रही तेज रफ्तार व अनियंत्रित पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े और उसी दौरान पीछे से आ रही सरकारी बस की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलते ही माहुल पुलिस चौकी के कार्यवाहक इंचार्ज श्याम कुमार दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस से फूलपुर स्थित ताहिर मेमोरियल ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मोहम्मद यासीन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अंकुर का इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि मृतक यासीन के तीन पुत्र खाड़ी देश में रोजी-रोटी के लिए रहते हैं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। देर रात परिजन बिना पंचनामा कराए ही शव घर ले गए और सोमवार सुबह अंतिम संस्कार कर दिया।




