प्रेमिका से मिलने गया युवक तालाब के पास मिला शव, हत्या की आशंका से सनसनी!

SHARE:

कोयंबटूर से दस दिन पहले ही आया था मृतक……..

आजमगढ़। जिले के पवई थाना क्षेत्र के ओरिल (केवटाना) गांव में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव तालाब के पास मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जौनपुर जिले के सरंपतहा थाना क्षेत्र के सुइथा कला निवासी नरेंद्र बिंद (22) पुत्र रामकिशुन बिंद के रूप में हुई है। युवक के प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है।

परिजनों के अनुसार, नरेंद्र बुधवार दोपहर करीब दो बजे घर से ननिहाल फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के आलमपुर बनपुरवा गांव जाने के लिए निकला था। वह रात में ननिहाल में ही रुका, लेकिन गुरुवार सुबह वह अपने ममेरे भाई राम अवतार के साथ घर से निकला। रास्ते में नरेंद्र ने राम अवतार को थोड़ी दूरी पर रुकने को कहा और आगे बढ़ गया। कुछ देर बाद राम अवतार को नरेंद्र का फोन आया कि “कुछ लोग उसे मार रहे हैं।” इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।

खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण ओरिल (केवटाना) गांव पहुंचे, जहां तालाब किनारे नरेंद्र बेसुध पड़ा मिला। उसे अंबारी स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि नरेंद्र की भाभी सीमा के मायके ओरिल (केवटाना) गांव में रहने वाली एक लड़की से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी से मिलने के लिए वह यहां आया था। बताया गया कि नरेंद्र रोजी-रोटी के सिलसिले में कोयंबटूर में काम करता था और करीब दस दिन पहले ही घर लौटा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment