विश्वविद्यालय परिवार में खुशी की लहर…….
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ ने अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय तीरंदाजी प्रतियोगिता में दो रजत पदक जीतकर प्रदेश ही नहीं, पूरे देश में विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। जैसे ही यह जानकारी विश्वविद्यालय परिसर में पहुंची, अवकाश के बावजूद छात्रों, शिक्षकों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने कुलपति प्रो. संजीव कुमार और क्रीड़ा सचिव प्रो. प्रशांत राय के नेतृत्व की सराहना की।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार सिंह ने बताया कि गुरु काशी विश्वविद्यालय, तलवंडी साबो, भटिंडा (पंजाब) में 23 से 31 अक्टूबर 2025 तक आयोजित इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता में देशभर के 168 विश्वविद्यालयों के लगभग 1400 तीरंदाजों ने भाग लिया। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय की ओर से छात्र मृणाल चौहान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 70 मीटर रिकर्व इवेंट में 360 में से 342 अंक अर्जित किए और विश्वविद्यालय को दो रजत पदक दिलाए।
इस सफलता से उत्साहित कुलपति प्रोफेसर संजीव कुमार ने प्रतिभागी छात्र मृणाल चौहान, खेल सचिव प्रो. प्रशांत राय और टीम मैनेजर को बधाई देते हुए इसे विश्वविद्यालय की खेल उपलब्धियों में “मील का पत्थर” बताया। उन्होंने कहा —
“हमारे छात्र-छात्राएं पठन-पाठन के साथ-साथ साहित्य, कला और खेल के क्षेत्र में भी नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। मैं सभी विद्यार्थियों को आश्वस्त करता हूं कि वे अपने कैरियर का चयन स्वतंत्र रूप से करें, विश्वविद्यालय उन्हें मंच और सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराएगा।”
उन्होंने यह भी स्मरण कराया कि महामहिम राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने हाल ही में द्वितीय दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय की प्रगति की प्रशंसा की थी। बधाई देने वालों में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्र, परीक्षा नियंत्रक आनंद कुमार, वित्त अधिकारी जे.एन. झा, सहायक कुलसचिव डॉ. महेश श्रीवास्तव, प्राध्यापकगण, गैर-शैक्षणिक कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे। सभी ने मृणाल चौहान की सफलता को विश्वविद्यालय के गौरवशाली क्षण के रूप में सराहा।
रिपोर्ट — ZFM Times, आजमगढ़




