चार घंटे सीमा विवाद में उलझी रही अहरौला और फूलपुर पुलिस….
आजमगढ़। जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के लोनियाडीह गांव स्थित ओंगरी नदी के पुल के नीचे गुरुवार की सुबह प्रतिबंधित पशु के कटे सिर और अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। घटना स्थल से एक बाइक और हेलमेट भी बरामद हुए। सूचना पर अहरौला और फूलपुर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन मामला दोनों थानों की सीमा पर होने के कारण करीब चार घंटे तक सीमा विवाद चलता रहा। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर अजय प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरनपाल सिंह, उप जिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार सहित दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुल के नीचे पानी में गोवंश के चार कटे सिर और अवशेष तैरते मिले, वहीं एक स्प्लेंडर बाइक और हेलमेट भी पास में पाए गए। यह देखकर राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
घटनास्थल पर दोनों थानों की पुलिस पहुंचकर जांच में जुटी, लेकिन यह तय नहीं हो पा रहा था कि मामला अहरौला थाने का है या फूलपुर का। सीमा विवाद बढ़ने पर राजस्व विभाग की टीम को बुलाया गया। राजस्व निरीक्षक माहुल कृष्ण कुमार यादव ने मौके पर मापी कर सीमा का निर्धारण किया, जिसके बाद मामला फूलपुर थाना क्षेत्र का पाया गया। इसके बाद पुलिस ने गोवंश के अवशेषों को ग्रामीणों की मदद से पानी से निकलवाया, चिकित्सकीय परीक्षण कराया और उन्हें पास ही गड्ढा खुदवाकर दफन करा दिया। साथ ही, पानी से मिली बाइक को थाने ले जाकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
सीओ फूलपुर किरनपाल सिंह ने बताया कि “मिला हुआ पशु अवशेष काफी पुराना है। पशु चिकित्सक टीम द्वारा परीक्षण के लिए सैंपल भेजा गया है। मामले की विवेचना फूलपुर पुलिस कर रही है।”
घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी है।




