सुभासपा की बैठक से लौट रही बस में उतरा करंट, तीन लोग झुलसे — विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही!

SHARE:

विद्युत विभाग की लापरवाही का परिणाम यह हादसा…..

आजमगढ़। रविवार को अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के दादर गांव के पास सुभासपा (सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी) की बैठक से लौट रही बस में अचानक करंट उतरने से हड़कंप मच गया। हादसे में तीन लोग झुलसकर घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।

जानकारी के अनुसार, डीहवा गरखोर गांव में सुभासपा की बैठक संपन्न होने के बाद कार्यकर्ता बस से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बस ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार से सट गई, जिससे बस में करंट उतर गया। करंट लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाने लगे। घायलों की पहचान राजनीस सोनी (26 वर्ष) पुत्र दिनेश निवासी खुटौली, थाना फूलपुर, जनपद आजमगढ़; सोनी (55 वर्ष) पत्नी तिलकु निवासी दादर; तथा चंद्रदेव के रूप में हुई है। तीनों का उपचार स्थानीय शौ शैय्या अस्पताल में चल रहा है।

घायल राजनीस सोनी ने बताया, “अगर मैंने बस की रॉड पकड़कर लोगों को सावधान नहीं किया होता, तो कई लोगों की जान जा सकती थी। करंट लगने से मैं खुद झुलस गया, लेकिन भगवान की कृपा से बच गया।” वहीं एक अन्य यात्री ने बताया कि “बैठक से लौटते समय रास्ते में तार इतना नीचे लटका था कि बस उससे सट गई और करंट बस में उतर आया।”

ग्रामीणों का कहना है कि हाईटेंशन तार नीचे लटके होने की शिकायत कई बार विद्युत विभाग को दी गई थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। लापरवाही का परिणाम यह हादसा बन गया। ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षेत्र में नीचे लटके हाईटेंशन तारों की मरम्मत तत्काल कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

उपखंड अधिकारी मदियापार ने बताया कि मामले की जांच निष्पक्ष रूप से की जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित विभागीय कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment