स्वर्गीय विजय बहादुर यादव (पूर्व ब्लॉक प्रमुख, अहरौला) की स्मृति में दंगल का आयोजन…..
आजमगढ़। रविवार को अहरौला बाईपास स्थित विजय बहादुर चौक, हांसा मतलूबपुर गांव में एक विराट कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। यह आयोजन मुख्य आयोजक विकास यादव उर्फ बबलू द्वारा अपने पिता स्वर्गीय विजय बहादुर यादव (पूर्व ब्लॉक प्रमुख, अहरौला) की स्मृति में किया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी यह पारंपरिक दंगल बड़ी धूमधाम से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव रहे, जिन्होंने फीता काटकर दंगल का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने देशभर से आए पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के नामचीन पहलवानों ने हिस्सा लिया और अपनी दमखम का प्रदर्शन किया। दंगल का संचालन पवन सिंह पहलवान (मऊ) द्वारा किया गया।
अपने संबोधन में शिवपाल यादव ने कहा कि “गांवों के पारंपरिक खेल धीरे-धीरे विलुप्त होते जा रहे हैं, क्योंकि सरकार इन खेलों को बढ़ावा नहीं दे रही है। विदेशी खेलों को बढ़ावा देने की होड़ में हमारी सांस्कृतिक खेल परंपरा कमजोर हो रही है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इन ग्रामीण खेलों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जाएगा। ”उन्होंने आगे कहा कि “आजमगढ़ की जनता ने विधानसभा और लोकसभा दोनों चुनावों में समाजवादी पार्टी को भरपूर समर्थन दिया है। 2027 में सपा की मजबूत वापसी होगी, आप सब अखिलेश यादव को राज्य तिलक लगाने की तैयारी करें।”
इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री सैय्यद सादाब फातिमा ने कहा कि “भाजपा सरकार जनता को गुमराह कर रही है। जब मुलायम सिंह यादव देश के रक्षा मंत्री थे, तब उन्होंने जवानों के लिए ऐतिहासिक कार्य किए, लेकिन वर्तमान सरकार इस दिशा में पूरी तरह विफल साबित हुई है।”
दंगल में मुख्य अतिथियों के रूप में विधायक संग्राम यादव (अतरौलिया), विधायक आलमबदी (निजामाबाद), भाजपा नेता संजय सिंह, सांसद दरोगा सरोज, पूर्व विधायक सुभाष राय, तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।




