सांड के हमले से महिला की मौत, इलाज कराने आई थी अतरौलिया!

SHARE:

आवारा पशुओं को लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त…..

आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के परमेश्वरपुर स्थित सिनेमा हॉल के पास रविवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब एक बेकाबू सांड के हमले में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला अपने पति के साथ इलाज कराने अतरौलिया आई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंबेडकरनगर जनपद के जलालपुर थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी मेवालाल अपनी पत्नी इंद्रावती देवी (55) के साथ फैजाबाद स्थित अपने घर से बस द्वारा अतरौलिया किसी त्वचा रोग विशेषज्ञ को दिखाने आए थे। दोपहर करीब 12:30 बजे बस से उतरने के बाद जब दोनों सिनेमा हॉल के पास से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आए एक बेकाबू सांड ने इंद्रावती देवी पर जोरदार हमला कर दिया।

हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें राजा जयलाल सिंह शौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, महिला की मौत सिर में गंभीर चोट लगने से हुई है। सूचना पर एसएसआई पवन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पति मेवालाल सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। उनके तीन पुत्र पप्पू, अप्पू, लल्लू और दो पुत्रियां आरती व सरिता हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा रोष जताते हुए प्रशासन से आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या पर नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं दोबारा न हों।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment