गांव में छाया मातम जैसा माहौल……
आजमगढ़। नगर पंचायत मार्टिनगंज के भगत सिंह नगर वार्ड में डायरिया का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती शुक्रवार की रात चार वर्षीय ज्योति (पुत्री मुकेश) की इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने पर आशा कार्यकर्ता और एएनएम की मदद से उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मार्टिनगंज ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज के दौरान रात में ही मासूम ने दम तोड़ दिया। शनिवार सुबह लगभग 9 बजे परिजनों ने गांव के श्मशान में उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
ज्योति की मौत के बाद गांव में मातम छा गया है। वहीं डायरिया से अब तक कई बच्चे प्रभावित हो चुके हैं। फिलहाल तीन अन्य बच्चे—चंदा (6 वर्ष, पुत्री सुरेश), नेहा (5 वर्ष, पुत्री अजय) और संदीप (2 वर्ष, पुत्र मुकेश)—बीमार हैं। इनमें चंदा और नेहा निजी अस्पताल में भर्ती हैं जबकि संदीप का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मार्टिनगंज में चल रहा है। डॉक्टरों ने संदीप की हालत में सुधार बताया है।
स्थिति को देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मार्टिनगंज के चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.आर. सिंह और तहसीलदार मार्टिनगंज अंजू यादव ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों से स्वच्छ पानी और शुद्ध भोजन के सेवन की अपील की। तहसीलदार ने नगर पंचायत प्रतिनिधि सौरभ सिंह को निर्देश दिया कि भगत सिंह नगर वार्ड में प्रतिदिन स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए। गांव में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम सतर्क है तथा लगातार निगरानी रखी जा रही है।




