तकरार के बाद सुलह और शादी…..
आजमगढ़। जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र में एक साल से चल रहे प्रेम प्रसंग का सुखद अंत शादी के बंधन में हुआ। दीदारगंज थाना परिसर में घंटों चली पंचायत के बाद दोनों पक्षों की सहमति से प्रेमी युगल ने शादी कर ली।
मामला दीदारगंज थाना क्षेत्र के रसावां गांव की युवती साधना यादव और निजामाबाद थाना क्षेत्र के बाकियां लच्छीरामपुर निवासी अरुण यादव का है। युवती ने दो दिन पूर्व दीदारगंज थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि अरुण यादव ने शादी का झांसा देकर एक वर्ष से शारीरिक संबंध बनाए और जब शादी की बात की तो धमकी देने लगा।

महिला संबंधित प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने तत्परता दिखाई और दोनों पक्षों को थाने बुलाकर मामले का निस्तारण कराने पर जोर दिया। थाने में दर्जनों संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में घंटों पंचायत चली। अंततः दोनों प्रेमी युगल और उनके परिजन शादी के लिए तैयार हो गए।

इसके बाद लिखापढ़ी पूरी कर दोनों पक्ष प्रयागराज आर्य वैदिक सभा पहुंचे, जहां हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न हुआ। बाद में न्यायालय में शादी का पंजीकरण भी कराया गया। विवाह के उपरांत दोनों पक्षों के लोगों ने नवविवाहित दंपति को आशीर्वाद दिया।




