पुलिस की लापरवाही आई सामने, नियम का हवाला देती रही पुलिस सुबह बच्चे की मिली लाश….
आज़मगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। 7 वर्षीय बच्चे साहेब आलम की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। उसका शव गुरुवार सुबह बोरी में बरामद हुआ, जिसे पड़ोसी के घर के गेट पर पेड़ से लटकाया गया था। बोरी से बच्चे का हाथ बाहर निकला देख इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, साहेब आलम पुत्र मुकर्रम बुधवार शाम से लापता था। परिजनों ने रात में ही पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन पुलिस ने 24 घंटे बाद कार्रवाई का हवाला देकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। गुरुवार सुबह बच्चे का शव मिलने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

मृतक के परिजनों ने पड़ोसी युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। शव जिस बोरी में मिला, वह आरोपी के घर के गेट पर लटक रहा था। घर से खून के निशान भी बरामद हुए हैं। घटना के बाद आरोपी और उसका परिवार फरार हो गया। गुस्साए लोगों ने आरोपी का घर जलाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति संभाल ली।
मृतक साहेब आलम न्यू एरा पब्लिक स्कूल, सिधारी में पहली कक्षा का छात्र था और क्लास का टॉपर माना जाता था। उसका पिता मुकर्रम हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण चिराग जैन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर पुलिस टीमें जांच में जुटी हैं। शुरुआती पूछताछ में परिजनों ने जानकारी दी थी कि फिरौती के लिए कॉल आया था। पुलिस अब उस कॉल के आधार पर जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।

इस घटना ने आज़मगढ़ की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो शायद मासूम की जान बचाई जा सकती थी।
👉 फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस ने बच्चे की हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए कई टीमों को लगाया है।




