दुर्गा पूजा व मेला को देखते हुए लिया निर्णय….
आजमगढ़। त्यौहारी सीजन में जहां एक ओर लोग दुर्गा पूजा और दशहरा मेले की तैयारियों में जुटे हैं, वहीं लालगंज विकासखंड के देवगाँव क्षेत्र के ग्रामीणों ने अपनी पहल से मिसाल पेश की है।
जानकारी के अनुसार देवगाँव से बसही, बनारपुर मार्ग पर स्थित परसौरा मोड़ की सड़क काफी दिनों से टूटकर जर्जर हो गई थी। आलम यह था कि गड्ढों में पानी भर जाने से लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के दौरान आए दिन लोग फिसलकर घायल भी हो रहे थे। ग्रामीणों ने इस समस्या की शिकायत जनप्रतिनिधियों और विभाग से कई बार की, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर अंततः लोगों ने स्वयं ही जिम्मेदारी उठाई।नवरात्र और दशहरा मेले को देखते हुए ग्रामीणों ने चंदा इकट्ठा कर सड़क की मरम्मत शुरू कर दी। दो से चार दिनों के भीतर सड़क पर राबीस, ईंट और मिट्टी डालकर उसे पूरी तरह दुरुस्त कर दिया गया। इससे त्योहारों के दौरान आवागमन सुगम हो गया और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

इस कार्य में पूर्व प्रधान कैलाश चौहान, मो. आरिफ, शिवम वर्मा उर्फ बाबू, अब्दुल वदूद, अशोक चौहान, मोहम्मद खालिद, आशीष चौहान और सुनील चौहान समेत कई ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा।




