बैठक में उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, एस डी ओ, जेई, कोतवाली प्रभारी ने सुनी आयोजकों की समस्याएं….
आजमगढ़। जिले के फूलपुर कोतवाली परिसर में शनिवार देर शाम दुर्गा पूजा, दशहरा मेला, रामलीला और भरत मिलाप के आयोजकों तथा शांति समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी अशोक कुमार एवं क्षेत्राधिकारी किरण पाल सिंह ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में आयोजकों ने नगर पंचायत क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से रखा, लेकिन नगर पंचायत अध्यक्ष या कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं रहा। ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को भी आयोजकों ने उठाया, जिस पर अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
उपजिलाधिकारी अशोक कुमार ने कहा कि सभी त्योहार आपसी सहयोग और शांति व्यवस्था बनाए रखने से ही सफल होंगे। क्षेत्राधिकारी किरण पाल सिंह ने आश्वस्त किया कि स्थानीय पुलिस एवं रिजर्व पुलिस हर संभव सहयोग के लिए तैयार रहेगी। कोतवाली प्रभारी सच्चिदानंद यादव ने कहा कि किसी भी समस्या पर लोग निसंकोच पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून हाथ में लेने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा तथा डीजे से संबंधित गाइडलाइन के उल्लंघन पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में विद्युत विभाग के एसडीओ भोप सिंह एवं जेई देवेंद्र प्रताप सिंह ने प्रतिमा विसर्जन और जुलूस के दौरान बिजली आपूर्ति संबंधी सुरक्षा उपायों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मूर्ति विसर्जन के समय दुर्घटना से बचाव हेतु विद्युत आपूर्ति काटी जाएगी, इसलिए वैकल्पिक व्यवस्था कर ली जाए। नगर क्षेत्र की गंदगी, सड़कों पर खुले गड्ढों, वाटर सप्लाई पाइपलाइन कार्य अधूरा रहने और आवारा सूअरों की समस्या को भी आयोजकों ने उठाया। नगर पंचायत के जिम्मेदारों की अनुपस्थिति के बावजूद पुलिस ने इन समस्याओं का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय जायसवाल, रामलीला दशहरा अध्यक्ष सुरेश गुप्ता, हलवाई समाज अध्यक्ष राजेश मोदनवाल चुट्टूर, विजय सोनकर, अभय सिंह लालू, दुर्गेश अग्रहरि, सोनू मोदनवाल, आकाश सिंह, रामधारी यादव सहित विभिन्न समितियों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




