घटना की जाँच में जुटी पुलिस……
सगड़ी (आजमगढ़)। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के देवापार बाजार स्थित यूनियन बैंक की शाखा में शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने खिड़की तोड़कर घुसपैठ की और लाकर रूम का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। चोरों ने बैंक में लगे सीसी कैमरों को भी तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार जीयनपुर कोतवाली के अंजान शहीद गांव से सटे देवापार बाजार में यूनियन बैंक की शाखा एक किराए के मकान में संचालित है। शनिवार की देर रात अज्ञात चोरों ने मकान की खिड़की तोड़कर बैंक के अंदर प्रवेश किया। अंदर घुसने के बाद चोरों ने सबसे पहले बैंक में लगे सीसी कैमरों को तोड़ दिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके।

इसके बाद चोरों ने कैश काउंटर को तोड़कर नगदी तलाशने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कोई रकम हाथ नहीं लगी। इसके बाद उन्होंने लाकर रूम का ताला रेती से काटने का प्रयास किया, पर ताला नहीं टूट सका और चोरों की योजना असफल हो गई।

ग्रामीणों की सूचना पर रात में ही शाखा प्रबंधक रामप्रीत मौके पर पहुंचे और जीयनपुर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस व एसओजी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी, शाखा प्रबंधक रामप्रीत ने बताया कि घटना की लिखित सूचना पुलिस को दे दी गई है। बैंक से कोई नगदी चोरी नहीं हुई है, लेकिन चोरों ने सीसी कैमरों सहित कुछ सामानों को क्षतिग्रस्त किया है।
वहीं प्रभारी निरीक्षक जीयनपुर राजकुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसी कैमरों की मदद से चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।







