अपना मोबाइल पुनः पा कर खिल उठे कई चेहरे कहा “धन्यवाद आजमगढ़ पुलिस”…..
आजमगढ़, 08 मार्च 2026। जनपद में खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कुल 154 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिया। बरामद किए गए मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लगभग 38.50 लाख रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जनपद में गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत मोबाइल धारकों द्वारा सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जाती है, जिसके आधार पर पुलिस टीम द्वारा मोबाइल फोन की ट्रैकिंग कर उन्हें बरामद किया जाता है।

पुलिस के अनुसार फरवरी 2024 से जनपद में गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में फरवरी 2026 के दौरान पुलिस ने 154 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए।

रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन आजमगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने बरामद मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सुपुर्द किए। अपने मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली और उन्होंने पुलिस के इस प्रयास की सराहना की।
पुलिस आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 351 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे जा चुके हैं। वहीं पिछले 25 महीनों में कुल 3179 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 7.885 करोड़ रुपये है, बरामद कर स्वामियों को सुपुर्द किए जा चुके हैं, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।







