best news portal development company in india

मार्टिनगंज में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 180 जोड़ों का हुआ विवाह!

SHARE:

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के लाभार्थियों पर एक लाख रुपये तक खर्च करती है सरकार…..

आजमगढ़, 07 मार्च। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शनिवार को विकास खंड परिसर मार्टिनगंज में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ठेकमा, अहिरौला, फूलपुर, पवई, मार्टिनगंज समेत पांच विकास खंडों और एक नगर पंचायत से कुल 190 जोड़ों का पंजीकरण हुआ था, जिनमें से 180 जोड़ों का विवाह विधिवत संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद लालगंज श्रीमती नीलम सोनकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि जिलाध्यक्ष लालगंज श्री विनोद राजभर और पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार श्री कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रमुख प्रतिनिधि सौरभ सिंह ‘बीनू’ तथा नगर पंचायत मार्टिनगंज की अध्यक्ष श्रीमती अपूर्वा सिंह भी समारोह में मौजूद रहीं।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विनोद राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री की यह योजना गरीब परिवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत सरकार प्रत्येक विवाह पर कुल एक लाख रुपये खर्च करती है, जिसमें 60 हजार रुपये कन्या के खाते में जमा किए जाते हैं। इसके अलावा करीब 25 हजार रुपये की गृहस्थी से जुड़ी 26 आवश्यक वस्तुएं जैसे साड़ी का सेट, प्रेशर कुकर, स्टेनलेस स्टील डिनर सेट, सीलिंग फैन, प्रेस, गद्दे, डबल बेड की चादर, 30 ग्राम चांदी की पायल और 10 ग्राम बिछिया आदि प्रदान किए जाते हैं, जबकि शेष 15 हजार रुपये आयोजन पर व्यय किए जाते हैं।

मुख्य अतिथि श्रीमती नीलम सोनकर ने कहा कि अब समाज में बेटी होना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बेटी के जन्म से लेकर उसकी शिक्षा और विवाह तक कई योजनाएं लागू की हैं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना भी उन्हीं में से एक है, जिसमें सरकार नकद सहायता के साथ-साथ आवश्यक गृहस्थी का सामान भी उपलब्ध कराती है।

कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी मार्टिनगंज इद्रीश अली, खंड विकास अधिकारी ठेकमा मनोज कुमार श्रीवास्तव, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी, सहायक विकास अधिकारी गौरव यादव, वीरेन्द्र यादव, ग्राम विकास अधिकारी मुकेश यादव, नवनीत यादव, पर्यवेक्षक पारसनाथ, सुधांशु मिश्र सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

MANOJ GUPTA
Author: MANOJ GUPTA

Leave a Comment