घटना के संबंध में मृतक की मां नसरीन बनो पत्नी नसीम के तहरीर के आधार पर पुलिस जाँच में जुटी……
आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के चमावा इब्राहिमपुर के पास शुक्रवार सुबह लगभग आठ बजे कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों दोस्त हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सकतपुर (थाना अहरौला) निवासी आकिफ पुत्र निसार और समीर पुत्र नसीम एक ही बाइक से इब्राहिमपुर स्थित पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने के बाद आगे बढ़े थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही टाटा पंच कार से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि समीर उछलकर कार के बोनट पर जा गिरा, जबकि आकिफ सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। कार चालक ने वाहन रोक दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने 19 वर्षीय समीर को मृत घोषित कर दिया, जबकि 18 वर्षीय गंभीर रूप से घायल आकिफ को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर आजमगढ़ रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों के लोग सीएचसी पहुंच गए। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।







