फर्जी APK फाइल, बिजली बिल लिंक के माध्यम से ठगी, क्यूआर कोड स्कैन फ्रॉड और तथा कथित “डिजिटल अरेस्ट” जैसी घटनाओं से सावधान रहने की अपील की….
आजमगढ़। पुलिस लाइन स्थित सभागार में शुक्रवार को व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ, थाना एएचटी की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश के अनुपालन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली ने की, जबकि अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/नोडल अधिकारी व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में बैठक संपन्न हुई।

बैठक में जनपद के व्यापारी बंधुओं, पेट्रोल पंप संचालकों तथा बैंक मित्रों/माइक्रो फाइनेंस कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
व्यापारियों ने शहर में जाम की समस्या, अवैध पार्किंग, हाफिजपुर चौराहे पर जलभराव, बड़े वाहनों की अनियंत्रित एंट्री, बाजार क्षेत्रों में स्पीड ब्रेकर की आवश्यकता, सब्जी मंडी क्षेत्र में सुबह लगने वाले जाम तथा बिजली बिलिंग में त्रुटियों जैसे मुद्दे उठाए। संबंधित अधिकारियों ने इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए यातायात निरीक्षक को विशेष निर्देश दिए गए, जबकि अन्य समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभागों को पत्राचार किए जाने की जानकारी दी गई। बैठक के दौरान साइबर सेल के मुख्य आरक्षी ओमप्रकाश जायसवाल ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने फर्जी APK फाइल, बिजली बिल लिंक के माध्यम से ठगी, क्यूआर कोड स्कैन फ्रॉड और तथाकथित “डिजिटल अरेस्ट” जैसी घटनाओं से सावधान रहने की अपील की। साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करने तथा www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर थाना एएचटी के प्रभारी निरीक्षक अभयराज मिश्रा, विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव, साइबर सेल एवं यातायात पुलिस के अधिकारी, नगर पालिका के प्रतिनिधि तथा विभिन्न व्यापार संगठनों के पदाधिकारी, पेट्रोल पंप संचालक और सर्राफा व्यापारी उपस्थित रहे।




