जिलाधिकारी ने तरवां बीडीओ का वेतन रोकने व स्पष्टीकरण लेने के दिए आदेश….
आजमगढ़, 19 फरवरी। जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय से कार्यालय में उपस्थित रहकर जनसुनवाई करें और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई के समय कार्यालय में अधिकारियों की उपस्थिति की जांच कराई जाएगी। यदि कोई अधिकारी अनुपस्थित पाया गया तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन ग्रामों में सबसे अधिक शिकायतें या असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त हो रहे हैं, वहां संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर शिकायतकर्ता से संवाद करें और उसे संतुष्ट करते हुए प्रकरण का निस्तारण कराएं।
भूमि से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) को निर्देशित किया कि अधिक शिकायत वाले ग्रामों में अवैध कब्जे से संबंधित प्रकरणों में उप जिलाधिकारी को निर्देश दिए जाएं कि वे स्वयं अथवा तहसीलदार को मौके पर भेजकर अवैध कब्जा हटवाएं और कब्जा करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई भी सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर कोई भी प्रकरण डिफाल्टर श्रेणी में नहीं जाना चाहिए। शिकायतों का निस्तारण निर्धारित अवधि में हो और इस तरह किया जाए कि शिकायतकर्ता दोबारा असंतुष्ट फीडबैक न दे। जिलाधिकारी ने जमीन से संबंधित तथा बार-बार आने वाली शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए उनका गुणवत्तायुक्त निस्तारण कराने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी कहा गया कि आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों में यदि किसी संदर्भ में “स्पेशल क्लोज” किया जाना है तो संबंधित पटल सहायकों को इसकी जानकारी उपलब्ध करा दी जाए।

इस दौरान जिलाधिकारी ने आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में शत-प्रतिशत असंतुष्ट फीडबैक मिलने तथा मंडलायुक्त द्वारा सी श्रेणी प्राप्त होने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने खंड विकास अधिकारी तरवां से स्पष्टीकरण लेने और वेतन रोकने के निर्देश दिए। वहीं जिला गन्ना अधिकारी के स्तर पर भी अधिक असंतुष्ट फीडबैक मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) श्री गम्भीर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी श्री संजीव ओझा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 एनआर वर्मा, जिला विकास अधिकारी श्री संजय कुमार सिंह, डीसी मनरेगा श्री राम उदरेज यादव सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




