नाबालिग लड़की को अक्टूबर 2025 को आरोपी बहला-फुसलाकर भगा ले गया था…..
आजमगढ़। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत थाना जहानागंज पुलिस ने अपहरण और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में नामजद एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को बबूरा बाजार से गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, थाना मेहनगर क्षेत्र की एक महिला ने 21 अक्टूबर 2025 को तहरीर देकर बताया था कि उनकी नाबालिग पुत्री को 19 अक्टूबर 2025 को अफजलपुर क्षेत्र से एक युवक बहला-फुसलाकर भगा ले गया। इस शिकायत के आधार पर थाना जहानागंज में मुकदमा अपराध संख्या 322/25 धारा 87 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर धारा 137(2)/65(1) बीएनएस व 3/4(2) पॉक्सो एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई। पुलिस ने बताया कि 17 फरवरी 2026 को उप निरीक्षक विनय कुमार, कांस्टेबल ऋषि कुमार और कांस्टेबल मनोज कुमार की टीम ने मुखबिर की सूचना पर बबूरा बाजार से अभियुक्त बंटी पुत्र रविंद्र राम निवासी कुददनपुर थाना दुल्लहपुर जनपद गाजीपुर (उम्र करीब 19 वर्ष) को सुबह करीब 11:25 बजे गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक जामा तलाशी में कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई।
पुलिस ने कहा कि जनपद पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत महिला संबंधी अपराधों में त्वरित व प्रभावी कार्रवाई लगातार की जा रही है।




