राम मंदिर परिसर में नमाज पढ़ने की कोशिश, कश्मीर निवासी युवक हिरासत में, सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी!

SHARE:

अयोध्या व राम मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की गई…..

लखनऊ/अयोध्या। अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक मामला सामने आया है। मंदिर परिसर के दक्षिणी परकोटे में एक युवक द्वारा नमाज पढ़ने की कोशिश किए जाने की सूचना पर हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद सुरक्षाबलों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को हिरासत में ले लिया। सूत्रों के अनुसार हिरासत में लिया गया युवक कश्मीर का निवासी बताया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों के मुताबिक युवक मंदिर परिसर में नमाज पढ़ने का प्रयास कर रहा था। जब वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और श्रद्धालुओं ने उसे ऐसा करने से रोका, तो वह कथित तौर पर संप्रदाय विशेष के नारे लगाने लगा। इस घटना के बाद कुछ समय के लिए परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को भांपते हुए सुरक्षाबलों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को अपने कब्जे में ले लिया और उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।

सूत्रों का कहना है कि हिरासत में लिए गए युवक से पुलिस और खुफिया एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी गहन पूछताछ कर रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी में युवक का नाम अहद शेख बताया जा रहा है, हालांकि इस संबंध में अभी तक जिला प्रशासन या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। प्रशासनिक स्तर पर मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच को प्राथमिकता पर रखा गया है।

घटना के बाद राम मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी गई है। प्रवेश बिंदुओं पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है, वहीं श्रद्धालुओं की आवाजाही पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि युवक मंदिर परिसर तक कैसे पहुंचा और उसके इरादे क्या थे।

फिलहाल प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, श्रद्धालुओं से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment