नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे में युवक की मौत, क्षेत्र में मचा हड़कंप!

SHARE:

अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को मारा जोरदार टक्कर…

आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के गदनपुर तिराहे के पास बुधवार की सुबह नेशनल हाईवे-233 पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव के पास ही एक टूटी हुई नई बाइक भी बरामद हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात किसी अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

सुबह लगभग 6 बजे जब राहगीरों ने शव देखा तो आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत अतरौलिया थाने को सूचना दी। सूचना पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक पवन कुमार सिंह, राजेंद्र सिंह व विनय यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की।शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने आसपास के थानों को सूचना देने के साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से शिनाख्त कराने का प्रयास किया। बाद में मृतक की पहचान शिव शंकर प्रजापति (20 वर्ष) पुत्र रमेश प्रजापति, निवासी बड़ा गांव, पोस्ट केशवपुर, थाना अतरौलिया के रूप में हुई।

परिजनों के अनुसार, शिव शंकर मंगलवार की रात लगभग 10 बजे किसी दूसरे की नई बाइक लेकर “खाना खाने” की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक जब वह नहीं लौटा तो परिवारवालों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं लगा। सुबह सोशल मीडिया पर वायरल फोटो देखकर गांव के एक युवक ने परिजनों को हादसे की सूचना दी। मृतक दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था और घर पर रहकर पढ़ाई करता था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां रीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

चाचा ओमकार प्रजापति ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

थाना अध्यक्ष अमित कुमार मिश्र ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस वाहन और चालक की तलाश में जुटी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि युवक ने हेलमेट पहना होता, तो संभवतः उसकी जान बच सकती थी।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment