103 चोरी के टायर, अवैध तमंचा, कारतूस व दो कारें बरामद……
आजमगढ़। जिले की पुलिस ने एक सक्रिय अन्तरजनपदीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए शुक्रवार देर रात पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से 103 चोरी के टायर, एक अवैध तमंचा, कारतूस, दो कारें और नगद रुपए बरामद किए गए। बरामद माल की कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना प्रभारी निजामाबाद हीरेन्द्र प्रताप सिंह अपने हमराह बल के साथ गुरुवार की रात क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर गन्धुवई कोल्ड स्टोर के पास रात करीब 1:45 बजे दो संदिग्ध कारों में सवार पांच लोगों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपाल चौहान (19), संदीप कुमार (23), राहुल चौहान (27), अभिषेक चौहान (19) और रोहित चौहान (24) सभी निवासी बलरामपुर, थाना कोतवाली, आजमगढ़ के रूप में हुई। पुलिस ने रोहित चौहान के पास से एक तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया। दोनों कारों (मारुति अल्टो व रेनॉल्ट क्वीड) से 31 टायर मिले, जबकि आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से कुल 103 चोरी के टायर बरामद किए गए।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे छह लोगों का गिरोह बनाकर विभिन्न थानों के क्षेत्रों में दुकानों का ताला तोड़कर टायर व ऑयल चोरी करते थे और माल को सस्ते दामों में बेच देते थे। गिरोह का छठा सदस्य सुधीर चौहान, निवासी भातकोल (मऊ) अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
बरामदगी का विवरण:
चोरी के 103 मोटरसाइकिल टायर (कीमत लगभग ₹2 लाख)
एक तमंचा व एक जिंदा कारतूस (.315 बोर)
दो कारें (मारुति आल्टो व रेनॉल्ट क्वीड)
पांच मोबाइल फोन व नगद ₹2,620/-
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
थाना प्रभारी हीरेन्द्र प्रताप सिंह, उ.नि. सविन्द्र राय, उ.नि. प्रमोद कुमार सिंह, उ.नि. दिलीप आनन्द (थाना निजामाबाद) तथा स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह मय टीम (जनपद आजमगढ़)।पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं और इनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है




