“हर गांव, हर चौपाल से उठने वाली आवाज़ को शासन की प्राथमिकता में लाना हमारा संकल्प है”…
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जम कर तीखा जबानी हमला किया है। निरीक्षण भवन में रविवार को पत्रकारों से वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि सपा सत्ता में आने के लिए दिन में सपने देख रही है। राजभर ने कहा, “जब मैं समाजवादी पार्टी के साथ था, तो अखिलेश यादव खुद कहते थे कि ओपी राजभर सत्ता के दरवाजे पर खड़े हैं, जिधर दरवाजा खोलते हैं उधर सत्ता जाती है। अब वही दरवाजा असली पीडीए (पसमांदा, दलित और आदिवासी) यानी संजय निषाद, अनुप्रिया पटेल, जयंत चौधरी और ओमप्रकाश राजभर के साथ एनडीए के पाले में चला गया है।” उन्होंने अखिलेश यादव के हालिया बयान पर तंज कसते हुए कहा कि जब सपा प्रमुख खुद कह रहे हैं कि यादव भाजपा में चले गए हैं, तो इससे साफ हो गया कि उनका पारंपरिक वोट बैंक भी साथ छोड़ रहा है। उन्होंने सवाल किया कि, “जब यादव साथ नहीं, तो मुसलमानों के भरोसे सरकार कैसे बनेगी? और जब मुसलमान जान जाएंगे कि यादव भी उधर चले गए, तो वे भी कांग्रेस का रुख कर सकते हैं।”
राजभर ने अखिलेश यादव पर अवसरवादी राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा, “जो व्यक्ति खुद नौ बार दल बदल चुका हो — कभी कांग्रेस, कभी बसपा, कभी लोकदल, कभी निषाद पार्टी, कभी सुभासपा के साथ — वह दूसरों को क्या नैतिकता सिखाएगा,
इटावा की घटनाओं पर टिप्पणी करते हुए राजभर ने कहा कि सभी घटनाएं निंदनीय हैं। उन्होंने दो आधार कार्ड मामले को संविधान के विरुद्ध बताते हुए कानून व्यवस्था का पालन करने की अपील की। “जो लोग कानून को हाथ में लेकर पुलिस पर पथराव करते हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए,” उन्होंने कहा।
संचारी रोग नियंत्रण अभियान में पंचायती राज की सक्रियता पर राजभर ने 1 जुलाई से शुरू हो रहे संचारी रोग नियंत्रण अभियान का उल्लेख करते हुए बताया कि स्वास्थ्य विभाग के साथ पंचायती राज विभाग इसकी भागीदारी निभाएगा। उन्होंने कहा, “हर गांव, हर चौपाल से उठने वाली आवाज़ को शासन की प्राथमिकता में लाना हमारा संकल्प है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसके लिए हम निरंतर जनसंवाद कर रहे हैं।”




