वाराणसी में ट्रक की आमने-सामने टक्कर में हुआ था घायल…
आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी 28 वर्षीय दिनेश कुमार यादव की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनेश कुमार यादव पुत्र स्वर्गीय दयाराम यादव ट्रक पर खलासी के रूप में कार्यरत थे। मंगलवार को वह चालक रमन यादव पुत्र कमलेश यादव, निवासी नटवरी शाहगंज (जनपद जौनपुर) के साथ ट्रक संख्या UP 64 AT 3829 से आजमगढ़ से वाराणसी जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि बुधवार तड़के करीब तीन बजे वाराणसी के लारपुर थाना क्षेत्र में रिंग रोड अंडर बाईपास के पास उनके ट्रक की आमने-सामने टक्कर डंपर संख्या UP 67 AT 9453 से हो गई। हादसे में दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें वाराणसी स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां बीती रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे परिवार के सदस्य वाराणसी पहुंच गए। स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।







