होली पर्व में अधिक कमाई को लेकर खाने वाले पदार्थों में मिलावट चरम पर…..
आजमगढ़, 25 फरवरी। होली पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जनपद में सघन अभियान चलाया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ तथा जिलाधिकारी आजमगढ़ के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय श्री सुशील कुमार मिश्र के नेतृत्व में गठित टीमों ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर 11 खाद्य नमूने भरे और लगभग 13.5 कुंतल खाद्य सामग्री नष्ट कराई।
अभियान के तहत खोया, पनीर, दुग्ध उत्पाद, खाद्य तेल, घी-वनस्पति, कचरी, पापड़, चिप्स-नमकीन, मिठाइयां, बेसन, मैदा आदि की जांच की जा रही है। खाद्य सचल दल ने सेहदा स्थित पनीर एवं खोया भंडारण इकाई पर छापा मारकर आगरा से लाए गए खाद्य पदार्थों में से 2 खोया, 1 पनीर, 1 काजू बर्फी और 1 स्पेशल बर्फी का नमूना लिया।जांच के दौरान संबंधित खाद्य पदार्थ अस्वच्छ परिस्थितियों में संग्रहित पाए गए और मिलावट की आशंका के चलते लगभग 548 किग्रा खोया (अनुमानित मूल्य ₹1,64,400), 149 किग्रा पनीर (₹44,700), 24 किग्रा काजू बर्फी (₹19,200) तथा 648 किग्रा स्पेशल बर्फी (₹99,200) जब्त कर नष्ट कर दी गई। नष्ट की गई सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य करीब ₹3,27,500 बताया गया है।

एक अन्य टीम ने बोंगरिया बाजार मेहनगर से बेसन और सरसों तेल, गोपालपुर मेहनगर से खोया व छेना मिठाई, खरिहानी से छेना मिठाई तथा मेहनगर चौराहे से गुलाब जामुन मिक्स का नमूना संग्रहित किया। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार अब तक अभियान के तहत 26 छापेमार कार्रवाई में 35 नमूने भरे गए हैं। कुल 940 किग्रा खाद्य पदार्थ (मूल्य ₹69,340) जब्त कर सीज किए गए, जबकि 1394 किग्रा खाद्य सामग्री (मूल्य ₹3,35,000) जब्त कर नष्ट की गई है।
सहायक आयुक्त श्री सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि होली तक छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि पैक्ड खाद्य सामग्री खरीदते समय ‘बेस्ट बिफोर’ और एक्सपायरी डेट अवश्य जांचें तथा अत्यधिक चमकीली और रंगीन मिठाइयों से परहेज करें।मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







