जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए शस्त्र लिपिक को चेतावनी निर्गत करने का निर्देश मुख्य राजस्व अधिकारी को दिया….
आजमगढ़, 23 फरवरी। जनपद आजमगढ़ के जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न पटलों का आकस्मिक निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित प्रकरणों तथा साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुराने बस्तों को बदलकर नए बस्ते लगाने, अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने तथा कार्यालय में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश पटल सहायकों को दिए।

उन्होंने कहा कि अभिलेखों का व्यवस्थित रख-रखाव प्रशासनिक कार्यों की पारदर्शिता और सुगमता के लिए अत्यंत आवश्यक है। शस्त्रागार के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने वरासत रजिस्टर का अवलोकन किया। उन्होंने शस्त्र लिपिक को निर्देशित किया कि जिन प्रकरणों में पुलिस रिपोर्ट लंबित है, उन्हें लिखित रिमाइंडर भेजा जाए तथा फोन के माध्यम से भी संबंधित पक्ष को अवगत कराया जाए। साथ ही जिन मामलों में पुलिस की आख्या प्राप्त हो चुकी है, उनमें तहसील से भी शीघ्र आख्या मंगाई जाए।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि कुछ वरासत प्रकरणों में पुलिस एवं तहसील से आख्या प्राप्त होने के बावजूद पत्रावलियां लंबित पड़ी हैं। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए शस्त्र लिपिक को चेतावनी निर्गत करने का निर्देश मुख्य राजस्व अधिकारी को दिया। उन्होंने पत्रावलियों के समुचित रख-रखाव और समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया। नजारत शाखा के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने प्रत्येक कार्यालय में एक मास्टर रजिस्टर तथा उसका उप-रजिस्टर तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि पत्रावलियों की खोज और अनुश्रवण में आसानी हो सके।
कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ स्थानों पर गंदगी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और नाजिर को सख्त निर्देश देते हुए नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने को कहा। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गम्भीर सिंह एवं उप जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।







