कृषि विभाग परिसर में माटीकला जागरूकता शिविर, 50 को इलेक्ट्रिक चाक व 4 को पगमिल मशीन वितरित!

SHARE:

मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के तहत 10 लाख रुपये तक का ऋण……

आजमगढ़। कृषि विभाग परिसर में गुरुवार को जिला ग्रामोद्योग कार्यालय आजमगढ़ के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा एक दिवसीय माटीकला जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान चयनित लाभार्थियों को निःशुल्क विद्युत चालित चाक एवं पगमिल मशीन का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख अजमतगढ़ मनीष मिश्र मौजूद रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख सठियांव अरविन्द सिंह ने सहभागिता की। शिविर में माटीकला से जुड़े करीब 200 से अधिक कारीगर, कुम्हार व प्रजापति समाज के लोग शामिल हुए।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी दीपक मिश्रा ने अतिथियों का बुके व अंगवस्त्रम देकर स्वागत किया और विभाग द्वारा संचालित रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी दी। इसके बाद मुख्य अतिथि मनीष मिश्र ने वर्तमान वित्तीय वर्ष में चयनित 50 लाभार्थियों को निःशुल्क विद्युत चालित चाक तथा 4 लाभार्थियों को पगमिल मशीन वितरित की।

मुख्य अतिथि ने कहा कि यह योजना अंत्योदय की प्रक्रिया को बढ़ावा देने वाली है और मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप परंपरागत उद्योगों को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है। जागरूकता कार्यक्रम में मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के तहत 10 लाख रुपये तक ऋण लेकर उद्योग स्थापना की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में माटीकला उद्योग के महत्व पर चर्चा करते हुए प्रतिभागियों को अपने हुनर को आगे बढ़ाने, उत्पादों को विकसित करने और स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आग्रह भी किया गया।

कार्यक्रम का संचालन प्रधान सहायक रवीश कुमार दूबे ने किया। अंत में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए माटीकला से जुड़े उद्यमियों से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment