“स्वच्छ पर्यावरण एवं स्वस्थ जीवन” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम…..
आजमगढ़, 16 फरवरी। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के तत्वावधान में जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में जिला विज्ञान क्लब आजमगढ़ द्वारा “स्वच्छ पर्यावरण एवं स्वस्थ जीवन” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम श्री अग्रसेन राजकीय महिला महाविद्यालय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, जल बचाव, वृक्षारोपण और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह ने कहा कि आसपास बढ़ते प्रदूषण, जल संकट और गंदगी का असर केवल पर्यावरण पर नहीं बल्कि लोगों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर रूप से पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण केवल हवा, पानी और पेड़-पौधों तक सीमित नहीं, बल्कि यह हमारी जीवनशैली, आदतों और सोच से भी जुड़ा है। यदि प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग होगा और जल-वायु प्रदूषित होंगे, तो उसका परिणाम बीमारियों, जल संकट और प्राकृतिक आपदाओं के रूप में सामने आएगा। उन्होंने स्वच्छ पर्यावरण को जिम्मेदारी और स्वस्थ जीवन को दैनिक प्रयासों का परिणाम बताया।
कार्यक्रम में पर्यावरणपर्यावरण विषय के विशेषज्ञ के रूप में जिला विज्ञान समन्वयक इंजीनियर कुलभूषण सिंह ने जल संरक्षण और वृक्षारोपण पर ऑडियो-विजुअल प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जानकारी दी। साथ ही तमसा नदी और जल संरक्षण से संबंधित विषयों पर विभिन्न स्कूलों से आए छात्र-छात्राओं के बीच प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इस मौके पर डॉ. विनय कुमार सिंह ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए नियमित व्यायाम, योग, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, सकारात्मक सोच और मानसिक संतुलन जरूरी है। उन्होंने बताया कि स्वस्थ जीवन कोई एक लक्ष्य नहीं बल्कि निरंतर प्रक्रिया है, और सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं व टीकाकरण का लाभ लेकर लोग खुद को स्वस्थ रख सकते हैं। वहीं अजेंद्र राय ने छात्र-छात्राओं को स्वस्थ जीवन की बारीकियों से अवगत कराते हुए कहा कि स्वस्थ रहने के लिए विचारों पर नियंत्रण जरूरी है, क्योंकि जैसा खाए अन्न, वैसा हो मन।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रवाल हितकारी न्यास के अध्यक्ष सुदर्शन दास अग्रवाल ने की। मुख्य अतिथि सहित सभी आगंतुकों का स्वागत महाविद्यालय प्रबंधन, सुधीर अग्रवाल इंटर कॉलेज के प्रबंधक मनीष रतन अग्रवाल तथा प्राचार्य श्रीमती निशा कुमारी ने किया। कार्यक्रम का संचालन मनोविज्ञान विभाग की प्राध्यापिका डॉ. अनुभा श्रीवास्तव ने किया। अंत में संयोजक इंजीनियर कुलभूषण सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज, निस्वा इंटर कॉलेज, प्रतिभा निकेतन, राजकीय पॉलिटेक्निक के छात्र-छात्राएं, राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी राकेश सिंह, अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग धावक अजय कुमार मौर्य, रेनॉल्ट शूटर स्रोत सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




