निर्वाचन आयोग द्वारा पहले से घोषित कार्यक्रम में आंशिक संशोधन के साथ यह जानकारी अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल विश्वकर्मा ने दी….
आजमगढ़, 07 फरवरी। भारत निर्वाचन आयोग ने निर्वाचक नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के संबंध में पहले घोषित कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया है। यह जानकारी अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल विश्वकर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा जारी नए निर्देशों के अनुसार अब विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 की पूरी प्रक्रिया संशोधित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न की जाएगी। इसके तहत 06 जनवरी 2026 से 06 मार्च 2026 तक मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी।वहीं 06 जनवरी 2026 से 27 मार्च 2026 तक नोटिस चरण, गणना प्रपत्रों पर निर्णय और दावों-आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद 03 अप्रैल 2026 तक स्वास्थ्य मापदंडों की जांच तथा 10 अप्रैल 2026 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस प्रक्रिया के अंतर्गत पात्र नागरिकों द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने, विलोपन, संशोधन, स्थानांतरण और नोटिसों के निस्तारण समेत अन्य कार्य संशोधित तिथियों के अनुसार किए जाएंगे। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) आयोग के निर्देशों के अनुसार कार्यवाही करेंगे।

उन्होंने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे संशोधित कार्यक्रम का संज्ञान लेते हुए निर्धारित समय सीमा में अधिक से अधिक संख्या में दावे और आपत्तियां प्रस्तुत करें तथा पात्र व्यक्तियों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में सहयोग करें।




