हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है….
आजमगढ़। महराजगंज थाना क्षेत्र के बड़हरडीह गांव में छोटी सरयू नदी के पुल के नीचे गोवंशों के कटे हुए सिर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों द्वारा लगभग आधा दर्जन गोवंशों के कटे सिर देखे जाने की सूचना मिलते ही गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में आक्रोश का माहौल बन गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ हिंदू संगठनों के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए और घटना को आस्था पर हमला बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का कहना है कि गोवंश हिंदू समाज की आस्था का प्रतीक है और इस तरह की घटना से धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। लोगों ने आशंका जताई कि किसी शरारती तत्व ने जानबूझकर क्षेत्र का माहौल खराब करने की नीयत से यह कृत्य किया है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने स्थल का मुआयना कर साक्ष्य एकत्र किए तथा आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। सूचना पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) सगड़ी भी मौके पर पहुंचे और गोवंशों के साथ हुई क्रूरता का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि- मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, संदिग्ध गतिविधियों सहित तकनीकी साक्ष्यों को भी जांच के दायरे में लिया गया है, ताकि दोषियों तक शीघ्र पहुंचा जा सके।

वहीं हिंदू संगठनों- के पदाधिकारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द खुलासा नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल एहतियातन क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था बनाए रखी गई है और लोगों से संयम बरतने की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




