आजमगढ़ – ट्रैफिक पुलिस, अग्निशमन विभाग, मिशन शक्ति व साइबर सेल की संयुक्त मॉक ड्रिल!

SHARE:

सुरक्षा एवं जागरूकता की दिशा में बड़ी पहल…….

आजमगढ़। आमजन, विशेषकर छात्र-छात्राओं को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करने के उद्देश्य से शुक्रवार 31 जनवरी 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद आजमगढ़ डा० अनिल कुमार के निर्देशन में ट्रैफिक पुलिस, अग्निशमन विभाग, मिशन शक्ति एवं साइबर क्राइम की संयुक्त टीम द्वारा सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, एलवल, आजमगढ़ में व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय में उपस्थित छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक जानकारी दी गई।

मॉक ड्रिल के दौरान ट्रैफिक पुलिस की ओर से टीएसआई जयशंकर सिंह ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, हेलमेट और सीटबेल्ट की अनिवार्यता तथा दुर्घटना के बाद ‘गोल्डन ऑवर’ में घायलों को त्वरित सहायता पहुंचाने के महत्व को उदाहरणों और अभ्यास के माध्यम से समझाया।

अग्निशमन विभाग की टीम ने अग्नि सुरक्षा का जीवंत प्रदर्शन किया। गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में आग बुझाने के सुरक्षित तरीकों, साथ ही बहुमंजिला इमारतों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के रेस्क्यू ऑपरेशन का अभ्यास कर दिखाया गया।

मिशन शक्ति की टीम द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी गई। वूमेन पावर लाइन 1090 सहित अन्य सहायता हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताते हुए विपरीत परिस्थितियों में आत्मरक्षा एवं सतर्कता के लिए प्रेरित किया गया। वहीं साइबर क्राइम सेल के विशेषज्ञों ने बढ़ते डिजिटल फ्रॉड, ओटीपी स्कैम, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर अपराध की स्थिति में साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के महत्व पर विशेष रूप से प्रकाश डाला।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की संयुक्त मॉक ड्रिल से न केवल पुलिस और संबंधित विभागों की कार्यकुशलता बढ़ती है, बल्कि आमजन में सुरक्षा के प्रति विश्वास और जागरूकता भी सुदृढ़ होती है। किसी भी आपात स्थिति में रिस्पॉन्स टाइम को कम करना प्राथमिक लक्ष्य है। कार्यक्रम में यातायात पुलिस से उ0नि0 जयशंकर सिंह, आ0 शुभम यादव, आ0 अमित सरोज; महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन से उ0नि0 वकील सिंह, उ0नि0 वरुणेश कुमार मिश्र, आ0 सर्वेश कुमार, म0आ0 शिखा तिवारी; साइबर सेल से वरिष्ठ उ0नि0 मेहरे आलम, उ0नि0 विजय कुमार, आ0 नीरज पटेल, म0आ0 उमा वर्मा तथा अग्निशमन विभाग से फायरमैन नीरज दुबे व फायरमैन नन्दलाल उपस्थित रहे।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment