10वें राष्ट्रीय भूतपूर्व सैनिक दिवस पर आजमगढ़ को देश का “सर्वोच्च जिला” सम्मान!

SHARE:

10वें राष्ट्रीय भूतपूर्व सैनिक दिवस पर जयपुर में मिला राष्ट्रीय गौरव, थल सेना अध्यक्ष ने किया सम्मानित….

आजमगढ़।10वें राष्ट्रीय भूतपूर्व सैनिक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले को देश का “सर्वोच्च जिला” घोषित किया गया है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण, पुनर्वास एवं उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए किए जा रहे उत्कृष्ट और समर्पित कार्यों के लिए प्रदान किया गया।

दिनांक 14 जनवरी 2026 को राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित भव्य समारोह में थल सेना अध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी (परम् विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल) द्वारा यह पुरस्कार प्रदान किया गया। इस उपलब्धि के साथ आजमगढ़ जिला देशभर में सैनिक कल्याण के क्षेत्र में एक अनुकरणीय उदाहरण बनकर उभरा है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि यह सम्मान जिला प्रशासन द्वारा भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजन, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा, पेंशन एवं अन्य लाभों के समयबद्ध वितरण तथा उनके सम्मान व गरिमा को सुनिश्चित करने के लिए किए गए समन्वित प्रयासों का परिणाम है।जिलाधिकारी ने इस राष्ट्रीय उपलब्धि के लिए अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) श्री राहुल विश्वकर्मा एवं जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर कुमार राजीव रंजन को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की तथा भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने कहा कि आजमगढ़ जिला प्रशासन एवं सैनिक कल्याण विभाग भविष्य में भी राष्ट्रनिर्माताओं—भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों—की सेवा में इसी प्रकार पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करता रहेगा।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment