‘ऑपरेशन रक्षा’ आगे भी जारी रहेगी कार्रवाही…….
आजमगढ़। निदेशक, मुख्यालय महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशन में तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के कुशल मार्गदर्शन एवं अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/नोडल अधिकारी एएचटी के पर्यवेक्षण में जनपद में ‘ऑपरेशन रक्षा’ विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत दिनांक 17 जनवरी 2026 को थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग, विशेष किशोर पुलिस इकाई, बाल कल्याण समिति (CWC) एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की संयुक्त टीम द्वारा थाना कोतवाली क्षेत्र के रोडवेज परिसर तथा थाना सिधारी क्षेत्र के नरौली व कस्बा सिधारी में स्थित स्पा सेंटर, मसाज पार्लर एवं होटलों की सघन चेकिंग की गई।

चेकिंग के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि नहीं पाई गई। इस दौरान संयुक्त टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे किसी भी अवैध गतिविधि से दूर रहें तथा संदिग्ध व्यक्तियों या गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही आमजन को बाल तस्करी, बच्चों के शोषण एवं अपराधों की रोकथाम के लिए सजग रहने की अपील की गई।
अभियान के दौरान लोगों को 108, 112, 1090, 1930, 1098, 1076 एवं 181 जैसे महत्वपूर्ण टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए इनका आवश्यकता पड़ने पर उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बाल तस्करी एवं बच्चों के शोषण की रोकथाम को लेकर जनपद पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस तरह के अभियान निरंतर जारी रहेंगे।




