सुहेलदेव विश्वविद्यालय में ‘युवा तरंग–2026’ की तैयारियों की समीक्षा, कुलपति ने दिए आवश्यक निर्देश!

SHARE:

“महाविद्यालयों से अधिकतम छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करें”-  कुलपति

आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय आजमगढ़ में 12 फरवरी से 14 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाले प्रथम युवा महोत्सव ‘युवा तरंग–2026’ की तैयारियों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में विश्वविद्यालय परिसर स्थित कुलपति सभागार में माननीय कुलपति प्रो. संजीव कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुलपति ने युवा महोत्सव के सफल आयोजन के लिए गठित विभिन्न समितियों के प्रभारियों से बिंदुवार जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी के अनुसार कुलपति ने महोत्सव की संयोजक प्रो. वंदना पाण्डेय एवं सह-संयोजक प्रो. अरुण कुमार सिंह को निर्देशित किया कि वे सभी समितियों के साथ सतत समन्वय बनाए रखें तथा महाविद्यालयों से अधिकतम छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करें। कुलपति ने कहा कि युवा तरंग–2026 पूर्वांचल के युवा छात्र-छात्राओं की प्रतिभाओं को एक सार्थक मंच प्रदान करने का माध्यम बने, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं समिति सदस्य पूरी निष्ठा और गंभीरता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि महाविद्यालयों के साथ नियमित संवाद स्थापित कर विश्वविद्यालय द्वारा लिए गए निर्णयों से उन्हें समय-समय पर अवगत कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं इस महोत्सव का लाभ उठा सकें।

बैठक में-  डॉ. पंकज सिंह, डॉ. देवेंद्र पाण्डेय, डॉ. अखिलेश त्रिपाठी, डॉ. आशुतोष माहेश्वरी, डॉ. सौरभ सिंह, डॉ. शिवेन्द्र सिंह, डॉ. सत्यम, डॉ. नितेश सिंह, डॉ. धीरज यादव, डॉ. तृषिका, डॉ. ऋतम्भरा सहित अनेक प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। इसके अलावा कुलपति के निजी सहायक भूपेंद्र पांडे तथा व्यक्तिगत सहायक विपिन शर्मा भी बैठक में मौजूद रहे।विश्वविद्यालय प्रशासन को उम्मीद है कि ‘युवा तरंग–2026’ के माध्यम से छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं रचनात्मक प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच मिलेगा और यह महोत्सव ऐतिहासिक रूप से सफल सिद्ध होगा।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment