रोजगार मेले में 10 हजार अभ्यर्थियों को आमंत्रित करने का लक्ष्य……
आजमगढ़, 12 जनवरी। जिलाधिकारी श्री रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सेवायोजन विभाग द्वारा आगामी 21 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले रोजगार मेले की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने रोजगार मेले को सफल बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार, अधिकाधिक युवाओं की सहभागिता और सुविधाजनक व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि रोजगार मेले का डिजिटल माध्यम से व्यापक प्रचार किया जाए तथा इसके लिए आकर्षक डिजिटल पोस्टर तैयार कर सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों पर प्रसारित किए जाएं। साथ ही शहर के प्रमुख चौराहों पर रोजगार मेले से संबंधित बैनर और पोस्टर लगाए जाएं, ताकि अधिक से अधिक युवाओं तक जानकारी पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि जनपद के समस्त डिग्री कॉलेज, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, नर्सिंग कॉलेज, डिप्लोमा एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों के प्रधानाचार्यों एवं सहायक प्रधानाचार्यों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए। इस ग्रुप के माध्यम से रोजगार मेले से जुड़ी सभी जानकारियां साझा की जाएं। इसके साथ ही मेले में आने वाली कंपनियों के नाम, उपलब्ध पद, वेतनमान सहित अन्य विवरण छात्र-छात्राओं को समय से उपलब्ध कराए जाएं। जिलाधिकारी ने आसपास के जनपदों के सेवायोजन अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर वहां की कंपनियों की जानकारी प्राप्त करने तथा उन्हें रोजगार मेले के लिए आमंत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लक्ष्य निर्धारित करते हुए कहा कि रोजगार मेले में कम से कम 10 हजार अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि रोजगार मेले के आयोजन स्थल पर अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क की स्थापना की जाए, जहां पंजीकरण, कंपनियों की जानकारी और चयन प्रक्रिया से संबंधित समस्त जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत द्वितीय ऋण के लक्ष्य को समय से पूरा करने, वेंडरों को डिजिटल लेनदेन के लिए सक्रिय करने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत आवास निर्माण को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सहायक निदेशक सेवायोजन ने जिलाधिकारी को पिछले रोजगार मेले के आयोजन एवं उसके परिणामों के बारे में जानकारी दी।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री परीक्षित खटाना, सहायक निदेशक सेवायोजन श्री राम मूर्ति, उपायुक्त उद्योग श्री साहब सरन रावत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




