नहर किनारे मिला लापता युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका!

SHARE:

एक दिन पूर्व रात को हुआ था लापता मृत युवक……

प्रयागराज। फूलपुर थाना क्षेत्र में एक दिन पूर्व लापता हुए युवक का शव नहर किनारे मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान दीपक कुमार उर्फ गुड्डू (26 वर्ष) पुत्र छोटेलाल, निवासी ग्राम परसिमपुर, थाना फूलपुर, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दीपक तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी कुछ माह बाद शादी होने वाली थी। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार की शाम किसी व्यक्ति का फोन आने पर वह उससे मिलने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, मगर उसका कहीं पता नहीं चल सका।

शनिवार की सुबह नहर किनारे एक अज्ञात युवक का शव पड़ा देख राहगीरों ने शोर मचाया, जिससे मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। बाद में परिजनों के पहुंचने पर शव की शिनाख्त दीपक कुमार के रूप में हुई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजनों ने दीपक की हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment