जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक सम्पन्न!

SHARE:

आधार सीडिंग, प्रॉक्सी वितरण, उज्ज्वला सत्यापन व अन्नपूर्णा भवन निर्माण में तेजी के निर्देश…..

आजमगढ़, 08 जनवरी। जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, उज्ज्वला योजना, जीरो पावर्टी अभियान तथा अन्नपूर्णा भवन निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने समस्त आपूर्ति निरीक्षकों को निर्देशित किया कि- सभी राशन कार्ड धारकों का आधार सीडिंग कार्य शीघ्रता से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी माह तक सभी ब्लॉकों में प्रॉक्सी खाद्यान्न वितरण का प्रतिशत न्यूनतम किया जाना सुनिश्चित हो। ठेकमा, मार्टीनगंज एवं बिलरियागंज ब्लॉकों में ई-केवाईसी लंबित होने पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर 95 प्रतिशत से अधिक ई-केवाईसी पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जीरो पावर्टी अभियान के अंतर्गत उज्ज्वला योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पोर्टल पर लंबित सभी लाभार्थियों का शत-प्रतिशत सत्यापन संबंधित गैस एजेंसियों के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आपूर्ति निरीक्षकों को निर्देश दिए कि गैस एजेंसियों को लिखित नोटिस जारी कर निर्धारित समय-सीमा में सत्यापन कार्य पूर्ण कराया जाए। निर्धारित अवधि में सत्यापन पूरा न करने वाली गैस एजेंसियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।

अन्नपूर्णा (मॉडल शॉप) भवन निर्माण की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी एवं सभी आपूर्ति निरीक्षकों को निर्देशित किया कि संबंधित खंड विकास अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर वित्तीय वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 के सभी अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण अधिकतम एक माह में पूर्ण कराया जाए। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 में चिन्हित भूमि पर अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण तत्काल प्रारंभ कर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने रोस्टरवार तहसीलों पर आपूर्ति निरीक्षकों की बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने को भी कहा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि खाद्यान्न उपलब्ध कराने में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी श्री संजीव ओझा, जिला पूर्ति अधिकारी श्रीमती सीमा सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री हेमन्त सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री राजीव पाठक, जिला पंचायत राज अधिकारी श्री पवन कुमार सहित समस्त आपूर्ति निरीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment