आजमगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का शुभारंभ, युवाओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील!

SHARE:

मतदाता पंजीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ……

आजमगढ़, 06 जनवरी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद आजमगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026/मतदाता पंजीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना द्वारा शिब्ली नेशनल पीजी कॉलेज में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के आलेख्य का विधिवत प्रकाशन किया।

प्रभारी जिलाधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर जिन नागरिकों की आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फार्म-6 भरकर बीएलओ अथवा मतदाता पंजीकरण केंद्र पर जमा कर सकते हैं। इसके साथ ही भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर मोबाइल नंबर के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन एवं फार्म डाउनलोड की सुविधा भी उपलब्ध है। उन्होंने युवाओं एवं छात्र-छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी देश के लोकतंत्र की रीढ़ है और उनकी सक्रिय भागीदारी से ही मजबूत राष्ट्र निर्माण संभव है। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत युवा मतदाताओं के पंजीकरण को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने वोटर हेल्पलाइन ऐप, ऑनलाइन पोर्टल और बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के माध्यम से नाम दर्ज कराने की सलाह दी।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल विश्वकर्मा ने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि नागरिक कर्तव्य भी है। युवाओं को इस प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता करनी चाहिए, ताकि आगामी निर्वाचन में शत-प्रतिशत मतदाता भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने सभी युवाओं से आज से प्रारंभ एसआईआर अभियान का लाभ उठाने की अपील की। अधिक जानकारी के लिए वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 या nvsp.nic.in पर संपर्क किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं एवं छात्र-छात्राओं ने फार्म-6 भरकर संबंधित ईआरओ एवं बीएलओ को उपलब्ध कराया। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल विश्वकर्मा, ईआरओ सदर विधानसभा नरेन्द्र गंगवार, ईआरओ मुबारकपुर विधानसभा प्रियंका सिंह, तहसील सदर के अधिकारी, शिब्ली पीजी कॉलेज के कार्यकारी प्राचार्य एवं अन्य अध्यापकगण सहित अनेक छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment