पुलिस मुठभेड़ के दौरान ठगी के जेवरात, अवैध तमंचा-कारतूस, नकदी और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई…..
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन में चलाए जा रहे सघन रात्रि चेकिंग अभियान के तहत 30 दिसंबर 2025 को थाना फूलपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि टप्पेबाजी/ठगी की घटनाओं में संलिप्त तीन शातिर बदमाश बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल से दुर्वाषा की ओर से कस्बा फूलपुर की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष सच्चिदानन्द के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की।
पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर बदमाश मुडियार रोड की ओर भागने लगे, इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में की गई नियंत्रित फायरिंग में राजेश पुत्र स्व. चन्द्रभान निवासी रम्मोपुर, थाना दीदारगंज (उम्र करीब 35 वर्ष) के बाएं पैर में गोली लग गई। वहीं प्रमोद पुत्र स्व. मधुबन निवासी खानजहांपुर, थाना फूलपुर (उम्र करीब 25 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तीसरा अभियुक्त फरार हो गया।
घायल अभियुक्त को तत्काल सीएचसी फूलपुर ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल आजमगढ़ रेफर कर दिया गया।
पूर्व की घटना से जुड़ा मामला- बताया गया कि 22 दिसंबर 2025 को थाना फूलपुर क्षेत्र के चकनूरी गांव निवासी सुनरा पत्नी दशरथ ने टप्पेबाजी की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि 20 दिसंबर को खुरासों मोड़ के आगे दिल्ली दरबार के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने बहला-फुसलाकर उसका मंगलसूत्र और कान की बालियां उतरवा ली थीं और कागजों का बंडल थमा दिया था। इस संबंध में थाना फूलपुर पर मुकदमा संख्या 589/25 दर्ज किया गया था।
बरामदगी
पुलिस ने मौके से एक मंगलसूत्र का लॉकेट, दो कान के टॉप्स, एक तमंचा .315 बोर, एक खोखा व एक जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन, 1770 रुपये नकद और बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।

अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास
घायल अभियुक्त राजेश के खिलाफ आजमगढ़ के विभिन्न थानों में लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और अन्य धाराओं में कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं, जबकि गिरफ्तार अभियुक्त प्रमोद के खिलाफ दो आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
विधिक कार्रवाई
दोनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना फूलपुर पर मुकदमा संख्या 598/25 धारा 3(5)/109/352 बीएनएस एवं 3/25 शस्त्र अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट द्वारा वैज्ञानिक साक्ष्य भी संकलित किए गए हैं। पुलिस टीम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय टप्पेबाजी/ठगी गिरोह का भंडाफोड़ होने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम-
01. थानाध्यक्ष सच्चिदानन्द, थाना अध्यक्ष,
02. व0उ0नि0 श्री गंगा राम बिन्द,
03. उ0नि0 कलामुद्दीन,
04. उ0नि0 अजीज,
05. हे0का0 राजीव यादव,
06. का0 शिवराम सरोज,
07. का0 आदेश यादव,
08. का0 अरविन्द तिवारी,
09. का0 ओमप्रकाश पटेल,
10. का0 सुनील यादव,
11. का0 शिवपाल सिंह यादव,
12. का0 वीरेन्द्र कुमार यादव,
सभी थाना फूलपुर, जनपद आजमगढ़।




