निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों में मचा हड़कंप……
फूलपुर, आजमगढ़। शनिवार देर शाम मुख्य राजस्व अधिकारी/प्रभारी अधिकारी (नगरीय निकाय) आजमगढ़ श्री संजीव ओझा ने फूलपुर नगर पंचायत का औचक निरीक्षण कर शीतकालीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर क्षेत्र में ठंड से बचाव के लिए जलाए जा रहे अलावों की स्थिति की जानकारी ली और स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
निरीक्षण में यह पाया गया कि नगर पंचायत द्वारा मानक एवं पूर्व से चिन्हित स्थानों की तुलना में कम स्थानों पर ही अलाव जलाए जा रहे हैं। इस पर प्रभारी अधिकारी श्री ओझा ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि ठंड के मौसम को देखते हुए जरूरतमंदों की सुविधा के लिए नगर क्षेत्र में तत्काल पर्याप्त संख्या में अलाव जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन, विशेषकर गरीब, बुजुर्ग और राहगीरों को राहत मिल सके।
इसके पश्चात प्रभारी अधिकारी श्री ओझा ने नगर पंचायत क्षेत्र स्थित रैन बसेरा का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रैन बसेरा में कुछ व्यवस्थागत खामियां सामने आईं, जिस पर उन्होंने अधिशासी अधिकारी विक्रम कुमार को निर्देशित किया कि सभी कमियों को तत्काल दूर किया जाए और रैन बसेरा में रहने वाले लोगों को मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी अधिकारी नगरीय निकाय ने फूलपुर नगर पंचायत में कर्मचारियों की कम संख्या को लेकर भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस संबंध में समुचित अवलोकन किया जाएगा और आवश्यकता अनुसार कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, ताकि नगर पंचायत के कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए। अंत में उन्होंने नगर पंचायत कार्यालय में उपस्थित कर्मचारियों से विभिन्न नगर पंचायत संबंधी कार्यों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा सभी को निर्देश दिया कि शीतकालीन मौसम को ध्यान में रखते हुए शासन के निर्देशों का पूरी गंभीरता से अनुपालन किया जाए। निरीक्षण से नगर पंचायत प्रशासन में हलचल देखी गई और अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।




