पूजा पाठ के नाम पर गहनों की ठगी करने वाले पुलिस के फंदे में…..
निजामाबाद (आजमगढ़)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण में थाना निजामाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शातिर अन्तर्जनपदीय टप्पेबाज को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कृष्ण मुरारी मिश्रा उर्फ पिन्टू पुत्र राजेन्द्र प्रसाद मिश्रा, निवासी सोनारी थाना गौराबादशाहपुर, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। अभियुक्त के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल तथा ठगी किए गए करीब 1.25 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात, जेवरात बिक्री के 25 हजार रुपये नगद और एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 18 दिसंबर 2025 को थाना निजामाबाद क्षेत्र के ग्राम बड़हरिया में पूजा-पाठ कराने के बहाने महेन्द्र मौर्य के घर की महिलाओं से ठगी कर अभियुक्त द्वारा सोने के जेवरात (दो झुमके, एक मंगलसूत्र व एक जोड़ी बाली) लेकर फरार हो जाने की घटना सामने आई थी। इस संबंध में थाना निजामाबाद पर मु0अ0सं0 412/25, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।जांच के दौरान अभियुक्त का नाम प्रकाश में आया। 27 दिसंबर 2025 को थानाध्यक्ष हीरेन्द्र प्रताप सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि अभियुक्त बड़ागांव नहर पुलिया के पास जेवरात बेचने के लिए किसी व्यक्ति का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आत्मसमर्पण के लिए कहा, लेकिन अभियुक्त ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में गोली अभियुक्त के पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अभियुक्त को तत्काल सीएचसी रानी की सराय में भर्ती कराया गया।
पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त शातिर किस्म का टप्पेबाज है, जो ग्रामीण इलाकों में खुद को साधु या पंडित बताकर महिलाओं को डराकर व विश्वास में लेकर पूजा-पाठ के बहाने उनके कीमती जेवरात ठग लेता था। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर फायरिंग करना उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को दर्शाता है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष हीरेन्द्र प्रताप सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सविन्द्र राय, उपनिरीक्षक चित्रांशु मिश्रा, उपनिरीक्षक दिलीप आनंद, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र यादव, जगदीश सोनकर, अतेन्द्र गौतम एवं महिला कांस्टेबल गरिमा सिंह शामिल रहीं।




