आसनसोल–गोंडा एक्सप्रेस से हुई दुर्घटना मृतक फूलपुर क्षेत्र निवासी…..
आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के सरायमीर रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सुबह करीब 10 बजे एक युवक की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना सरायमीर रेलवे क्रासिंग के पास हुई, जहां आसनसोल–गोंडा एक्सप्रेस की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान देवेश कुमार पुत्र बहादुर, निवासी कोल्ह, कोतवाली फूलपुर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सरायमीर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। घटनास्थल आउटर सिग्नल के अंदर का बताया जा रहा है, जो जीआरपी के अधीन क्षेत्र में आता है। इसके बाद सरायमीर पुलिस ने घटना की जानकारी जीआरपी आजमगढ़ को दी।
जीआरपी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक साइकिल से घटनास्थल पर पहुंचा था और साइकिल को रेलवे ट्रैक के किनारे खड़ा कर ट्रेन के सामने आ गया, जिससे आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।




