नैनी थाने के मालखाने से लाइसेंसी रिवॉल्वर गायब, बर्खास्त मुंशी पर एफआईआर दर्ज!

SHARE:

आरोपी पुलिस कर्मी पहले भी कर चुका है 25 लाख गबन, जा चुका है जेल…..

प्रयागराज। नैनी थाना क्षेत्र में सीलशुदा मालखाने से एक लाइसेंसी रिवॉल्वर के गायब होने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में थाना प्रभारी बृज किशोर गौतम की तहरीर पर पूर्व मालखाना मुंशी राजेंद्र प्रसाद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

जानकारी के मुताबिक एडिए कॉलोनी निवासी पप्पू उर्फ रहमत अली का यह लाइसेंसी रिवॉल्वर वर्ष 2007 में हत्या और गैंगस्टर के मुकदमे में पुलिस द्वारा जब्त किया गया था। रिवॉल्वर रिलीज करने के लिए जिलाधिकारी प्रयागराज ने 5 जुलाई 2023 को आदेश जारी किया था, लेकिन इसके बाद भी रिवॉल्वर उसे वापस नहीं मिला। रिवॉल्वर न मिलने पर रहमत अली ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में रिट दायर की। कोर्ट के निर्देश पर एसीपी करछना अरुण कुमार त्रिपाठी की अगुवाई में तीन सदस्यीय टीम गठित की गई, जिसमें निरीक्षक द्वितीय रिजर्व पुलिस लाइन प्रवीण कुमार सिंह और नैनी थाना प्रभारी बृज किशोर गौतम शामिल थे।

3 दिसंबर को टीम ने मालखाना खोलकर वीडियोग्राफी के साथ तलाशी शुरू की, लेकिन लाइसेंसी रिवॉल्वर नहीं मिला। इसके बाद जब बर्खास्त मुंशी राजेंद्र प्रसाद से फोन पर संपर्क किया गया, तो उसने खुद को बीमार बताते हुए थाने आने से इनकार कर दिया। उसने दावा किया कि रिवॉल्वर मालखाने में ही होगा, लेकिन तलाशी में उसके विपरीत तथ्य सामने आए।पुलिस को संदेह है कि रिवॉल्वर को जानबूझकर गायब किया गया है। थाना प्रभारी ने दर्ज कराई तहरीर में लिखा है कि तलाशी के दौरान रिवॉल्वर का न मिलना और मुंशी का संदिग्ध व्यवहार यह दर्शाता है कि उसने हथियार को जानबूझकर नहीं सौंपा और उसे गायब कर दिया, जो गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।

गौरतलब है कि आरोपी मुंशी राजेंद्र प्रसाद वर्ष 2016 में 25 लाख रुपये गबन के मामले में भी जेल जा चुका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और रिवॉल्वर गायब होने के पूरे प्रकरण की तहकीकात की जा रही है।

रिपोट… अरुण कुमार गुप्ता 

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment