बच्चे के मौत से गांव में मातम— देर रात्रि पुलिस बल तैनात…..
अहरौला (आजमगढ़)। थाना क्षेत्र के बनकट गांव में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां स्कूल से घर लौट रहे 10 वर्षीय बच्चे की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। मिली जानकारी के अनुसार, अर्पित (10) पुत्र धर्मेंद्र राम, निवासी बनकट, कक्षा चार का छात्र था। रोज की तरह वह करीब 4 बजे स्कूल से घर लौट रहा था। घर से लगभग 20 मीटर की दूरी पर पहुंचते ही पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना दर्दनाक था कि अर्पित की मौके पर ही मौत हो गई।
शोर सुनते ही परिजन दौड़े और बच्चे को घायल समझकर 112 नंबर पर सूचना दी तथा तत्काल निजी वाहन से जिला मुख्यालय स्थित एक प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने अर्पित को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही करीब डेढ़ घंटे बाद अहरौला थाना पुलिस और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों की भीड़ को शांत कराते हुए पुलिस घटनास्थल पर मौजूद रही और बच्चे के शव के आने का इंतजार करती रही। खबर लिखे जाने तक पुलिस मौके पर डटी हुई थी।गांव में मासूम की मौत से माहौल गमगीन है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।




