महिला को ठग कर तीन ठग, अपाची बाइक से हुए फरार…
फूलपुर (आजमगढ़)। तांत्रिक का झांसा देकर एक महिला से करीब 70 लाख रुपये के सोने के गहने और 30 हजार रुपये नकद ठग ले जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तीन सदस्यों के इस ठग गैंग ने पोते की बीमारी ठीक करने और घरेलू विवाद सुलझाने का बहाना बनाकर घटना को अंजाम दिया। घटना फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के कस्बा फूलपुर स्थित स्टेट बैंक के पास की है, जहां निवासी राजकुमार साव उर्फ बिहारी की पत्नी आशा देवी शुक्रवार दोपहर कूड़ा फेंकने के लिए निकली थीं। तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे मंदिर का पता पूछते हुए बातचीत शुरू की और खुद को तांत्रिक बताकर उनके पारिवारिक मामलों की जानकारी बताकर विश्वास जीत लिया।

तांत्रिक ने आशा देवी के बहू से विवाद और उनके 10 वर्षीय पोते की बीमारी का हवाला देते हुए “झाड़-फूंक” कराने की बात कही। इसी दौरान दो अन्य ठग मौके पर पहुंचे और तांत्रिक को “पहुँचा हुआ साधु” बताकर उसके दावों की पुष्टि करने लगे।महिला उनके झांसे में आ गई और बिना घर में बताए चारों बहुओं, दो बेटियों और अपने सभी सोने के गहने इकट्ठा कर ठगों को दे दिए। ठगों ने गहनों की पोटली बदलकर उन्हें वापस कर दिया और पूजा स्थान पर रखकर 10 मिनट बाद खोलने का निर्देश दिया।

जब आशा देवी ने पोटली खोली, तो उसमें ईंट और पत्थर के टुकड़े निकले। घटना का पता चलते ही घर में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुँची पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाश की, लेकिन ठगों का सुराग नहीं मिला।
पीड़ित आशा देवी ने बताया कि, “उन्होंने मुझे ऐसे भ्रमित कर दिया कि मेरा दिमाग सुन्न हो गया। मैं समझ ही नहीं पाई कि कब मैंने सभी गहने उन्हें थमा दिए।”
पीड़िता के पति राजकुमार साव ने मामले में अज्ञात ठगों के खिलाफ फूलपुर कोतवाली में FIR दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से ठगों की तलाश में जुटी है।बताया जाता है कि क्षेत्र में इस तरह की वारदातें पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन गहनों की कुल कीमत को देखते हुए यह अब तक की सबसे बड़ी ठगी मानी जा रही है।




