कलान, प्रतापपुर, गद्दोपुर (मिल्कीपुर) सहित अन्य स्थानों पर परेशान किसान……
आजमगढ़। पूर्वांचल किसान यूनियन के बैनर तले किसानों का सत्याग्रह गुरुवार को लगातार चौथे दिन भी जारी रहा। कलान साधन सहकारी समिति, प्रतापपुर खाद वितरण केंद्र, गद्दोपुर (मिल्कीपुर) पर किसानों ने केंद्र पर डीएपी खाद की अनुपलब्धता को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि चार दिनों से केंद्र पर डीएपी की एक भी बोरी नहीं पहुंची, जिससे बुवाई प्रभावित हो रही है।

इसी तरह पवई के किसान सेवा केंद्र पर भी गेहूं के बीज की भारी कमी बताई जा रही है। किसान बार-बार केंद्रों के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लग रही है।सत्याग्रह का नेतृत्व कर रहे पूर्वांचल किसान यूनियन के महासचिव वीरेंद्र यादव ने कहा कि जिले के कई केंद्रों पर खाद और बीज की भारी कमी है। अगर प्रशासन ने तुरंत व्यवस्था नहीं की तो पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे जाम कर आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा, “याचना नहीं अब रण होगा, संघर्ष बड़ा भीषण होगा।”
सत्याग्रह में पूर्व बसपा नेता रामकिशुन राजभर, समाजसेवी राम अवतार गुप्ता, योगेंद्र प्रताप सिंह, पारस चौरसिया, अवनीश यादव, श्री प्रकाश यादव, हीरालाल और रामकुमार चौरसिया सहित कई किसान शामिल रहे। किसानों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि रबी की बुवाई के इस महत्वपूर्ण समय में खाद व बीज की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, अन्यथा आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।







