अज्ञात व्यक्ति ने दिया घटना को अंजाम….
आजमगढ़। तहबरपुर थाना क्षेत्र के बसही जरमेजपुर गांव में सोमवार की रात अज्ञात बदमाशों ने रामजीत (57) की गोली मारकर हत्या कर दी। वे अपने घर के बरामदे में सो रहे थे। मंगलवार सुबह जब परिजनों की नजर पड़ी तो चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।सूचना पाकर डायल 112 की टीम, एसएसपी डॉक्टर अनिल कुमार, एसपी सिटी मधुवन कुमार सिंह, फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, मृतक रामजीत अविवाहित थे और परिवार के साथ ही रहते थे। हर रात की तरह सोमवार को भी वे बरामदे में अपने बिस्तर पर सो रहे थे, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने करीब से गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। एसएसपी डॉक्टर अनिल कुमार ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। हत्या के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है।




