आंदोलन की राह पर आशा संगिनी कार्यकर्ता….
आजमगढ़। ऑल आशा एवं आशा संगिनी कार्यकर्ता सेवा समिति के तत्वावधान में सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पवई पर आशा और आशा संगिनी कार्यकर्ताओं कार्यकत्रियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकत्रियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सीएचसी अधीक्षक को सौंपते हुए सरकारी कर्मचारी का दर्जा, पेंशन, स्वास्थ्य बीमा और न्यूनतम वेतन जैसी मांगें रखीं। धरना प्रदर्शन के दौरान आशा यूनियन की ब्लॉक अध्यक्ष मीरा ने कहा कि हम लोग राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत वर्षों से सेवाएं दे रही हैं, लेकिन आज तक उचित मानदेय और समय पर प्रोत्साहन राशि नहीं मिल पा रही है। कई महीनों से आधार भुगतान और राज्य हिस्से की राशि लंबित होने के कारण कार्यकर्ताओं के परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।उन्होंने कहा कि सरकार को जल्द से जल्द हमारी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए, अन्यथा आंदोलन को व्यापक स्तर पर जारी रखा जाएगा। इस मौके पर आशा संगिनी इंद्रावती, सुमन, कुसुम, शीला, पुष्पा, आशा, नीलम, सरिता, सीमा, संगीता समेत दर्जनों आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।




