सु.वि.वि. के दोनों छात्रावासों में टेबल टेनिस किट का भव्य उद्घाटन!

SHARE:

कुलपति बोले, “स्वस्थ छात्र ही ज्ञानवान राष्ट्र का निर्माण करते हैं”…..

आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय आजमगढ़ में शनिवार को खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक और कदम उठाया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने विश्वविद्यालय से संबद्ध दोनों छात्रावासों — शिवाजी महाराज पुरुष छात्रावास और महारानी अहिल्याबाई होल्कर महिला छात्रावास — में टेबल टेनिस किट का भव्य शुभारंभ किया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्र के साथ स्वयं टेबल टेनिस खेलकर किट का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राएं उत्साहित नजर आए और समवेत स्वर में कहा कि “विश्वविद्यालय में खेल के प्रति कुलपति जी की सदाशयता काबिले-तारीफ है।”

विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी ने बताया कि कुलपति प्रो. संजीव कुमार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल, सांस्कृतिक और तकनीकी गतिविधियों पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। हाल ही में विश्वविद्यालय के पुस्तकालय और सांस्कृतिक विंग को भी आधुनिक तकनीक से सुसज्जित किया गया है। अपने संबोधन में कुलपति ने कहा कि “छात्र-छात्राएं केवल टेक्नोलॉजी पर निर्भर न रहें, बल्कि शारीरिक सक्रियता भी बनाए रखें। खेल मन को स्वस्थ और मस्तिष्क को तेज बनाते हैं। स्वस्थ चित्त में ही ज्ञान का विकास होता है।” उन्होंने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय स्तर पर लगातार नए कीर्तिमान बना रहे हैं। हाल ही में विश्वविद्यालय की कबड्डी टीम ने पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालयी कबड्डी प्रतियोगिता में उपविजेता बनकर संस्थान का मान बढ़ाया है।

कुलपति ने कहा कि यह सफलता विश्वविद्यालय की “टीम भावना और समर्पण” का परिणाम है। उन्होंने विजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि “विश्वविद्यालय परिवार की मुस्कान और हरा-भरा कैंपस मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता में है। हमें महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी की अपेक्षाओं के अनुरूप विश्वविद्यालय को और ऊँचाइयों पर ले जाना है।” इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक आनंद कुमार, सहायक कुलसचिव डॉ. महेश कुमार श्रीवास्तव, डॉ. जयप्रकाश यादव, डॉ. अंकुर पांडे, डॉ. विभा मिश्रा, डॉ. नितेश सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

रिपोर्ट – ZFM Times, आजमगढ़

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment